पटना: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आगामी 24 नवंबर को बिहार के सभी पंजीकृत मठ-मंदिरों में सत्यनारायण व्रत कथा आयोजित की जाएगी। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रोफेसर रणबीर नंदन ने राज्य के सभी पंजीकृत मंदिरों में यह कथा कराने का विशेष आह्वान किया है। पर्षद की ओर से प्रदेश के सभी पंजीकृत मठ-मंदिरों को आधिकारिक पत्र भी भेजा जा रहा है, ताकि हर जगह विधिवत रूप से यह आयोजन संपन्न हो सके।
पर्षद ने मंदिर प्रबंधन से आग्रह किया है कि इस सामूहिक धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए। पर्षद का उद्देश्य केवल मंदिरों में पूजा-पाठ कराना नहीं, बल्कि समाज को इस आयोजन से जोड़ना भी है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पुण्य के भागी बन सकें।
प्रोफेसर रणबीर नंदन ने कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व के बारे में बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक मास और विशेषकर कार्तिक पूर्णिमा का अत्यधिक महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि इसी पावन दिन भगवान विष्णु ने वेदों की रक्षा के लिए अपना प्रथम अवतार यानी मत्स्य अवतार लिया था। इसी कारण इस दिन भगवान विष्णु की आराधना को अत्यंत शुभ और फलदायी माना गया है।
इस पवित्र दिन नदी स्नान, दीपदान और भगवान विष्णु की आराधना से अनंत पुण्य की प्राप्ति की मान्यता है। सत्यनारायण व्रत कथा में भगवान विष्णु के किसी अलग पौराणिक अवतार की नहीं, बल्कि सत्यनारायण स्वरूप की बात की गई है।
