मध्य प्रदेश के रायसेन ज़िले में नर्मदा नदी के किनारे पतई घाट पर खेल रहे बच्चों को ज़मीन से बाहर निकला एक जबड़ा मिला, जिसे वैज्ञानिकों ने प्राचीन हाथी की विलुप्त प्रजाति का फॉसिल बताया है। 10 नवंबर की सुबह अरुण नौरिया और साथी बच्चों ने मिट्टी हटाकर इसे देखा, जिसके बाद मामला सरकारी दफ़्तरों तक पहुंचा।

डॉ. रवि उपाध्याय ने इस फॉसिल की शुरुआती जांच की है। उन्होंने बताया कि बनावट के आधार पर यह पैलियोलॉक्सोडॉन नमाडिकस प्रजाति के हाथी का फॉसिल होने की संभावना है। फॉसिल की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है। दांतों की कतारों से लगता है कि यह किसी कम उम्र के हाथी का जबड़ा है, जो पूरी तरह विकसित वयस्क नहीं था।

फॉसिल की उम्र पर वैज्ञानिकों के शुरुआती अनुमान अलग-अलग हैं। डॉ. उपाध्याय का अनुमान है कि यह करीब चार से पांच लाख साल पुराना हो सकता है, जबकि बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त जेनेटिक्स प्रोफेसर डॉ. एचके गोस्वामी ने करीब सात से आठ लाख साल होने की संभावना जताई है। दोनों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच के बिना उम्र को लेकर अंतिम दावा नहीं किया जा सकता।

शोधकर्ताओं के मुताबिक पतई घाट के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में ज़मीन की अलग-अलग परतें हैं, जिनमें अलग-अलग समय के जीवों के फॉसिल दबे हो सकते हैं। नर्मदा घाटी में पहले गैंडे, दरियाई घोड़े और घोड़ों जैसे जीवों के फॉसिल मिल चुके हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि व्यवस्थित खुदाई से इस फॉसिल से जुड़े शरीर के अन्य हिस्से भी मिल सकते हैं।