बलिया के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के पुरुषोत्तमपट्टी गांव की रहने वाली दिव्यांग छात्रा खुशी पटेल कक्षा 10 में पढ़ती है और IAS अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती है। अपनी परेशानी और सपने को लेकर वह अपनी मां के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और जिलाधिकारी से मुलाकात की।

खुशी की कहानी सुनने के बाद जिलाधिकारी ने उसे 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर हौसला बढ़ाया और ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि वह स्वयं उसके घर ट्राइसाइकिल लेकर पहुंचेंगे। खुशी की पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए उसकी स्कूल फीस माफ करने की बात भी सामने आई है।

शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद खुशी रोजाना घर से करीब दो किलोमीटर की दूरी तय कर कोचिंग संस्थान और स्कूल की गाड़ी पकड़ने जाती है। खुशी ने कहा कि उसे किसी चीज का लालच नहीं है और उसका सपना IAS बनकर दिव्यांगों सहित समाज और देश की सेवा करना है। उसकी लगन और बड़े सपने ने जिलाधिकारी को भी प्रभावित किया।

खुशी की मां ने बताया कि वह पांच बहनों में सबसे बड़ी है और परिवार में एक छोटा भाई भी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी के जज्बे को देखते हुए जिलाधिकारी ने मदद का हाथ बढ़ाया है। डीएम कार्यालय से आर्थिक सहायता और ट्राइसाइकिल मिलने के भरोसे के बाद खुशी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई और उसे उम्मीद है कि सरकारी मदद और अपने मजबूत हौसले के दम पर वह अपना सपना जरूर पूरा करेगी।