बिहार सरकार मखाना उत्पादन और उससे बने खाद्य पदार्थों के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। अधिकारियों के अनुसार, मखाना का आटा इस माह के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक बाजार में उपलब्ध हो जाएगा। इसके साथ ही छोटे बच्चों के लिए मखाना से बने 'शिशु आहार' को तैयार करने का काम अंतिम चरण में बताया जा रहा है। इसी अवधि में मखाना के लगभग 50 प्रकार के उत्पाद बाजार में उतारने की योजना है, जिससे किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड (COFFED) मखाना के उत्पाद तैयार कर रहा है। प्रदेश में मखाना की खेती और उत्पाद निर्माण से 880 सोसाइटी जुड़ी हैं, जिनमें दरभंगा और पटना में सबसे अधिक काम हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मखाना का आटा और सेवई तेजी से तैयार की जा रही है। हाल ही में यहां बने मखाना उत्पादों को चीन भी निर्यात किया गया है।

सेहत के लिए फायदेमंद माने जाने के कारण मखाना उत्पादों की मांग बढ़ रही है। बाजार में मखाना के लड्डू की बिक्री सबसे अधिक है और इसके 9 प्रकार के फ्लेवर उपलब्ध हैं। उपभोक्ता इन उत्पादों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खरीद सकते हैं। पटना स्थित खादी मॉल सहित बाजार में जगह-जगह इनकी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

COFFED ने अब तक मखाना से 19 तरह के उत्पाद तैयार किए हैं, जिन्हें बिहार के अलावा देश-विदेश में भेजा जा रहा है। इनमें पेरी-पेरी, पंजाबी तड़का, शेजवान, तंजी टोमैटो, पुदीना, बारबीक्यू, अचारी मसाला, हिमालयन साल्ट और क्रीम-आलू मखाना जैसे स्नैक्स के अलावा रॉ मखाना, मखाना कुकीज, शुगर-फ्री कुकीज, मखाना खीर, लड्डू, चिप्स, पास्ता, मैकरोनी और मखाना सेवई शामिल हैं। COFFED की निदेशक सिमरन ने बताया कि सरकार से संबद्ध सोसाइटी मखाना के लगभग 50 उत्पाद बाजार में लाने पर काम कर रही हैं और इन उत्पादों को सोसाइटी तथा अन्य संस्थाओं के माध्यम से लोगों के घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।