अपनी स्थापत्य कला, ऐतिहासिक किलों और गुलाबी रंगत के लिए दुनियाभर में मशहूर जयपुर के नामकरण का सफर भी काफी रोचक रहा है। बताया जाता है कि वर्ष 1727 में स्थापना से लेकर आज की वैश्विक पहचान 'जयपुर' बनने तक इस शहर को आठ अलग-अलग नामों और अंग्रेजी वर्तनियों से गुजरना पड़ा है। कभी इसे 'जैनगर' पुकारा गया, तो ब्रिटिश काल में 80 साल से अधिक समय तक यह 'जेयपोर' के नाम से जाना गया।
इतिहास के पन्नों और जानकारों की सूचना के अनुसार, जब इस आधुनिक शहर की नींव रखी गई थी, तब शुरुआती दौर में इसे 'सवाई जयपुर' नाम दिए जाने का विचार किया गया था। कछवाहा शासन काल के दौरान इसे 'राय सवाई जयपुर' और कई मौकों पर 'जैनगर' के नाम से भी संबोधित किया जाता था। समय के साथ शहर की ख्याति दूर-दराज तक फैली, तो विदेशी यात्रियों, इतिहासकारों और नक्शा बनाने वालों का यहां आना शुरू हुआ।
विदेशी मेहमानों और इतिहासकारों ने अपनी भाषा और उच्चारण की समझ के अनुसार शहर के नाम की अलग-अलग वर्तनियां गढ़नी शुरू कर दीं। इसी वजह से पुराने दस्तावेजों और नक्शों में एक ही शहर के आठ अलग-अलग रूप दर्ज मिलते हैं। इनमें Jainagar (जैनगर), Jynagghar (जयनगघर), Jypore (जेयपोर), Jypoor (जयपूर), Jeipore (जेइपोर), Jeypore (जेयपोर), Jaypur (जयपुर) और Jaipur (जयपुर) शामिल हैं।
अंग्रेजी हुकूमत के दौरान रियासतों के साथ संधियां हुईं, तो प्रशासनिक कामकाज में एकरूपता लाने के लिए राजधानी के नाम को मानकीकृत किया गया। ब्रिटिश काल में संधि के बाद आधिकारिक दस्तावेजों में इसे 'जेयपोर' लिखा जाने लगा और यह नाम 80 साल से अधिक समय तक प्रचलन में रहा। उस दौर के सिक्कों, डाक टिकटों और सरकारी अभिलेखों में यही नाम दर्ज होता था। 19वीं सदी के अंत में स्थायी सुधार की प्रक्रिया शुरू हुई और पहले वर्ष 1897 में 'जेयपोर' तथा फिर 1898 में वर्तमान वर्तनी 'जयपुर' पर आधिकारिक मुहर लग गई। 1898 में तय यही नाम और स्पेलिंग तब से आज तक गुलाबी नगर की अटल और वैश्विक पहचान बनी हुई है।
