महासमुंद जिले के बेमचा इलाके स्थित जिला जेल से सोमवार तड़के चार अंडरट्रायल कैदी बाउंड्री वॉल फांदकर फरार हो गए। सहायक जेल अधीक्षक संदीप कुमार के अनुसार घटना तड़के 3 से 4 बजे के बीच हुई। बैरक नंबर 5 में बंद इन आरोपियों ने योजना बनाकर सुरक्षा दीवार पर चढ़कर बाहर छलांग लगाई। फरार कैदियों में पंचराम निषाद (चोरी के मामले में आरोपी) तथा राजेंद्र राज चौधरी, धर्मवीर योगी और सिलाधर पाल (एनडीपीएस एक्ट के आरोपी) शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। महासमुंद के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस दल लगाया गया है। जिलेभर के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और प्रमुख मार्गों पर चेक-पोस्ट बनाकर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

पुलिस जेल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि कैदियों ने बाउंड्री वॉल तक पहुंचने के लिए किस रास्ते का इस्तेमाल किया और सुरक्षा में कहां चूक हुई। मामले को लेकर जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

यह पहली बार नहीं है जब महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा में सेंध लगी हो। इससे पहले मई 2021 में भी इसी जेल से बलात्कार के आरोपी सहित कुल पांच कैदी इसी तरह बाउंड्री वॉल फांदकर फरार हुए थे। एक ही जेल में दोबारा ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।