लखनऊ के सआदतगंज में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर से अवैध हथियारों की बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि उसे हथियार कौन उपलब्ध करा रहा था और इसके पीछे किसी आपराधिक नेटवर्क या रसूखदार व्यक्ति का संरक्षण तो नहीं है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम गुरुवार को आरोपियों के घर ध्वस्तीकरण के लिए पहुंची थी, जहां एक पिस्टल, तमंचा, रायफल, बंदूक, रिवॉल्वर और 20 जिंदा कारतूस मिले। हथियारों की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई।
सआदतगंज के नौबस्ता ब्राहाणी टोला में रिटायर्ड शिवाजी तिवारी (62) अपनी पत्नी उषा और बेटे सुयश (30) के साथ रहते थे। उनके छोटे भाई शिवेंद्र तिवारी (55), पत्नी रुचि और बेटी सुमेधा भी उसी मकान में रहते थे। शिवाजी आरएसएस के पूर्व जिला कार्यवाह पश्चिम भी रहे थे। चबूतरे और पार्किंग विवाद में 26 अक्टूबर को पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने तीनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। शिवेंद्र की पत्नी रुचि ने राजेश शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
एसीपी रंजीत कुमार के मुताबिक, ट्रिपल मर्डर की जांच लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन हथियार मिलने के बाद नए सिरे से पड़ताल की जा रही है। ऋषभ का मोबाइल जांच के लिए भेजा गया है और कॉल डिटेल व फोन में मौजूद डाटा खंगाला जाएगा। पुलिस उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। लोगों से पता चला है कि ऋषभ का चाचा हिस्ट्रीशीटर था और पुलिस यह भी जांच रही है कि कहीं उसने ही हथियार उपलब्ध तो नहीं करवाए थे। मर्चेंट नेवी से निकाले जाने के बाद ऋषभ बेरोजगार था, ऐसे में उसके अवैध असलहा कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जांच के दायरे में है। एसीपी के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
