भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास में लैम्ब्रेटा स्कूटर एक अलग पहचान रखता है। इसकी शुरुआत 1947 में इटली के मिलान शहर में हुई थी, जब फर्डिनेंडो इनोसेंटी ने फैक्ट्री के पास बहने वाली लैम्ब्रेटा नदी के नाम पर आम लोगों के लिए एक किफायती स्कूटर बनाया। 1960 और 70 के दशक में बॉलीवुड फिल्मों, खासकर 1967 की फिल्म 'एन इवनिंग इन पेरिस' में शम्मी कपूर और शर्मिला टैगोर की सवारी के बाद भारत में इसका क्रेज चरम पर पहुंच गया। शुरुआती दौर में इसने अपर मिडिल क्लास और कारोबारियों को आकर्षित किया। दिग्गज उद्योगपति सुनील मित्तल अपने टेलीकॉम व्यवसाय के शुरुआती दिनों में इसी स्कूटर पर लाजपत राय मार्केट आते-जाते थे। आर.के. मार्बल के मालिक अशोक पाटनी ने भी इसी स्कूटर पर अपना अनाज और दाल का कारोबार चलाया।
आजादी के बाद के दशकों में जब भारत में कारें आम नहीं थीं, तब बजाज और वेस्पा के साथ लैम्ब्रेटा मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए 'फैमिली स्कूटर' बनकर उभरा। भारी बॉडी और पर्याप्त लेग-स्पेस के चलते इसे 'डैड-स्कूटर' कहा जाने लगा। यह आसानी से चार लोगों के परिवार को लेकर चलता था। इसमें आगे की तरफ छोटा बच्चा हवा का लुत्फ लेते हुए खड़ा हो जाता था, सीट पर माता-पिता बैठते थे और पीछे ढलान वाली पूंछ पर लगे अतिरिक्त टायर का इस्तेमाल परिवार के किशोर के लिए अतिरिक्त सीट के रूप में होता था। 1950 के दशक में भारत में एपीआई ने इसका निर्माण शुरू किया। बाद में इसके मॉडल 'लैम्बी' नाम से भी खूब बिके।
लैम्ब्रेटा की कहानी में बड़ा मोड़ 1971-72 में आया, जब ग्लोबल मार्केट में कारों की बढ़ती मांग के चलते इटली की मूल कंपनी इनोसेंटी ने उत्पादन बंद कर दिया। इसके बाद भारत सरकार ने 1972 में लखनऊ स्थित सरकारी पीएसयू 'स्कूटर्स इंडिया लिमिटेड' (एसआईएल) की स्थापना की और इनोसेंटी का पूरा प्लांट, मशीनरी, डिजाइन तथा लैम्ब्रेटा के ग्लोबल ट्रेडमार्क राइट्स खरीद लिए। एसआईएल ने 1975 से घरेलू बाजार के लिए 'विजय सुपर' और विदेशी बाजारों के लिए 'लैम्ब्रेटा' नाम से स्कूटरों का व्यावसायिक उत्पादन शुरू किया।
1980 के दशक में जापानी टू-व्हीलर कंपनियों के आने और एलएमएल वेस्पा जैसे ट्रेंडी विकल्पों के चलते लैम्ब्रेटा की चमक धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगी। बदलते बाजार और प्रतिस्पर्धा के बीच आखिरकार 1992 में एपीआई और 1997 में एसआईएल ने दोपहिया वाहनों का उत्पादन बंद कर दिया। भले ही यह स्कूटर अब सड़कों पर नजर नहीं आता, लेकिन अपनी मजबूती, अनूठे डिजाइन और परिवार को एक साथ लेकर चलने की खूबी के कारण लैम्ब्रेटा आज भी भारतीयों की यादों और विंटेज वाहन प्रेमियों के दिलों में खास जगह रखता है।