शादी के बाद हर महिला चाहती है कि उसका पति उसकी भावनाओं को समझे और हर परिस्थिति में उसका साथ दे। लेकिन रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कुछ पतियों की आदतें ऐसी होती हैं जिनकी वजह से पत्नी शादी में रहते हुए भी खुद को अकेला महसूस करती है। एक वीडियो में ऐसे पतियों के बारे में बताया गया है, जिनका बर्ताव पत्नी को अंदर से दुखी कर सकता है।
वीडियो के मुताबिक, ऐसे पति पहली श्रेणी में आते हैं जो हर बात में अपनी मां का पक्ष लेते हैं, चाहे वह सही हो या गलत। इससे पत्नी को लगता है कि शादी के बाद भी वह अपने पति की पहली पसंद नहीं है। दूसरी तरह के पति घर में पत्नी के साथ हो रही गलत बातों को जानते हुए भी चुप रहते हैं और परिवार के सामने उसका साथ देने से बचते हैं। उन्हें लगता है कि चुप रहने से झगड़ा नहीं होगा, लेकिन यही खामोशी पत्नी को सबसे ज्यादा दुख पहुंचाती है।
कुछ पति पत्नी की परेशानी सुनने के बजाय उसे ही गलत ठहराने लगते हैं और कहते हैं कि वह बेवजह सोचती है या हर बात पर ओवररिएक्ट करती है। ऐसे जवाबों से पत्नी धीरे-धीरे अपनी बातें शेयर करना बंद कर देती है। वहीं, कुछ पति हर झगड़े का जिम्मेदार पत्नी को मानते हैं और अपनी गलती नहीं देख पाते। कुछ पति बाहर के लोगों और परिवार के सामने अच्छे बनने की कोशिश करते हैं, लेकिन पत्नी के साथ गलत बर्ताव होने पर उसके लिए आवाज नहीं उठाते।
वीडियो में बताया गया है कि कुछ पति घर का खर्च उठाना और जिम्मेदारियां पूरी करना ही अच्छे पति होने की पहचान मान लेते हैं, जबकि पत्नी को समय, सुनने वाले साथी और भावनात्मक सहयोग की भी जरूरत होती है। वहीं, कुछ पति पत्नी के हर फैसले पर नियंत्रण रखना चाहते हैं, चाहे वह उसकी पोशाक हो, किससे मिलना है, नौकरी करनी है या पैसे कहां खर्च करने हैं। ऐसे रिश्ते में रोक-टोक और नियंत्रण से प्यार धीरे-धीरे कम होने लगता है।
