गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम को ऐसा व्यक्तित्व बताया है, जिनके मूल्य धर्म की सीमाओं से परे हैं। मंगलवार को बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ के बारे में अच्छी बातें सुनी हैं, लेकिन अभी तक इसे देखा नहीं है। उन्होंने हिंदी सिनेमा के घिसे-पिटे फॉर्मूले और सोनिया गांधी की नई किताब के बारे में भी बात की।
इस बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर नास्तिक हैं और उन्होंने कई बार सार्वजनिक मंचों पर कहा है कि वे किसी भी देवता, भगवान या खुदा में विश्वास नहीं करते। मौलाना ने दावा किया कि मुफ्ती शमाइल नदवी के साथ एक बड़े कार्यक्रम में भी उन्होंने खुदा के अस्तित्व से इनकार किया था। उनके मुताबिक, भगवान राम के प्रति जावेद अख्तर का यह लगाव उनके बिजनेस की वजह से है।
मौलाना साजिद रशीदी ने आगे कहा कि जावेद अख्तर एक बिजनेसमैन हैं और बॉलीवुड में गाने बेचने होते हैं, इसलिए उन्हें भगवान राम के बारे में इस तरह बोलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर वे ऐसा नहीं बोलेंगे तो उनके गाने नहीं चलेंगे। देश में 80 प्रतिशत हिंदू हैं, और अगर वे भगवान राम के प्रति इस तरह की भक्ति और स्नेह नहीं दिखाएंगे तो ये 80 प्रतिशत हिंदू उन्हें रिजेक्ट करने की कोशिश करेंगे, और आजकल जो बायकॉट सिस्टम चल रहा है वो भी लागू हो जाता है।
जावेद अख्तर ने यह बात ‘इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी’ (IPRS) की ‘म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट’ के लॉन्च के मौके पर कही थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर ने यह फिल्म देखी है और उसकी तारीफ कर रही है। जावेद अख्तर ने कहा, ‘मैंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। मेरी बेटी जोया ने इसे देखा है और वह इसकी तारीफ कर रही है। वह बहुत मुश्किल से किसी चीज की तारीफ करती है। मैंने तो उसे कभी अपनी तारीफ करते हुए भी नहीं सुना है।’ 81 वर्षीय लेखक ने यह भी बताया कि राम आज भी प्रासंगिक क्यों हैं। उन्होंने कहा, ‘राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं। राम एक आदर्श हैं, एक नैतिकता हैं, राम जीने का एक तरीका हैं। राम एक खास सौंदर्यबोध और एक खास नैतिकता हैं। इसलिए, जब आप इसे देखते हैं और इसकी सराहना करते हैं, तो यह आपके दिल को छू लेता है।’
