गायिका सोना महापात्रा ने एक बार फिर सलमान खान पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' का जिक्र किया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में सोना ने उन लोगों को जवाब दिया जो कहते रहे हैं कि अगर वह सलमान से न उलझतीं, तो बॉलीवुड में उनका करियर और भी सफल होता। म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने 20 सालों के सफर को याद करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बॉलीवुड सुपरस्टार के खिलाफ आवाज उठाने से उन्हें सच में ऐसा कुछ खोना पड़ा, जिस पर उन्हें पछतावा हो।
सोना ने बताया कि हाल ही में इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम ने सलमान के गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' को उनके सामने ला दिया, जिसके बाद उन्होंने उन चेतावनियों पर फिर से विचार किया जो उन्हें मिली थीं कि इससे बॉलीवुड में उनके करियर की संभावनाएं खतरे में पड़ सकती हैं। तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि अगर वह यहां दस गाने और गा लेतीं, तो क्या उनका जीवन सफल हो जाता। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि लोग ताकतवर लोगों के आस-पास रहने को ही सफलता क्यों मानते हैं, मानो किसी और के साम्राज्य में कदम रखना अपना खुद का साम्राज्य बनाने से बड़ी उपलब्धि हो।
सिंगर ने 2016 में सलमान की सार्वजनिक आलोचना का भी जिक्र किया, जब सलमान ने एक फिल्म की शूटिंग की शारीरिक थकान की तुलना किसी भयानक हादसे से गुजरी महिला के अनुभव से कर दी थी। सोना ने बताया कि उनके विरोध के कारण उन्हें लगातार ऑनलाइन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जिसमें जान से मारने की धमकियां, अश्लील मॉर्फ की गई तस्वीरें और परिवार को भेजे गए अभद्र मैसेज शामिल थे। इसके बाद 2019 में उन्होंने फिर से एक्टर की आलोचना की, जब सलमान ने प्रियंका चोपड़ा के उस फैसले पर टिप्पणी की जिसमें उन्होंने अपनी फिल्म के बजाय शादी को प्राथमिकता दी थी। सोना ने कैटरीना कैफ को काम से हटाए जाने की खबरों का भी जिक्र किया।
एक्टर की सार्वजनिक छवि पर तंज कसते हुए सोना ने कहा कि शर्ट उतारकर 'मसीहा' बनने का दिखावा उन्हें बिल्कुल भी इंप्रेस नहीं करता। उन्होंने बताया कि लोगों ने बार-बार यह संकेत दिया था कि सलमान का सामना करना एक प्रोफेशनल गलती है, खासकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उनके प्रभाव को देखते हुए। वहीं, सलमान खान ने अपने इस गाने पर ट्रोलिंग के बाद कहा था कि फिल्म देखने के बाद लोग समझ जाएंगे कि क्यों उस गाने के बोल ऐसे हैं। फिल्म में एक सीक्वेंस है जहां हर कोई अपने परिवार को याद कर रहा है।
