मार्वल स्टूडियोज की 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की भारत में एडवांस बुकिंग सोमवार, 16 नवंबर की आधी रात को शुरू हुई। 'सैकनिल्क' की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 19 घंटों के भीतर PVR, INOX और सिनेपोलिस जैसी नेशनल मल्टीप्लेक्स चेन में लगभग एक लाख टिकट बिक चुके हैं और फिल्म ने ₹10 करोड़ से ज्यादा की ग्रॉस कमाई कर ली है। फिल्म 17 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। रॉबर्ट डाउनी जूनियर के डॉक्टर डूम के किरदार में वापसी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

बॉक्स ऑफिस पर 'ड्यून 3' से टकराव के कारण फिल्म को एक भी IMAX शो नहीं मिला है, लेकिन मांग इतनी है कि तड़के 3:25 बजे के शोज की भी बुकिंग हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, बुकिंग प्लेटफॉर्म 'बुकमायशो' पर एडवांस बुकिंग शुरू होते ही कुछ समय के लिए हर घंटे 10,000 से ज्यादा टिकट बिके। इसके साथ ही फिल्म उन चुनिंदा हॉलीवुड फिल्मों में शामिल हो गई है, जिनकी भारत में इतनी जल्दी मिडनाइट शो के लिए बुकिंग शुरू हुई है।

टिकट की कीमतों के मामले में भी फिल्म ने रिकॉर्ड बनाया है। नवी मुंबई के नेरुल स्थित सिनेपोलिस में पहले दिन के पहले शोज का टिकट कथित तौर पर ₹4,200 तक पहुंच गया है, जबकि बुकिंग चार्ज मिलाकर यह लगभग ₹4,300 हो जाता है। इसे भारत में अब तक का सबसे महंगा सिंगल मूवी टिकट बताया जा रहा है। सामान्य मल्टीप्लेक्स स्क्रीन पर टिकट की कीमत लगभग ₹420 से शुरू है, जबकि प्रीमियम रिक्लाइनर और स्टैंडर्ड फॉर्मेट के लिए लोकेशन और सीट के आधार पर कीमत ₹1,500 तक है। PXL और इन्फिनिटी विजन जैसे फॉर्मेट के टिकट ₹2,000 तक के हैं। हैदराबाद में सरकारी नियमों के कारण PXL टिकट ₹538 से ₹774 के बीच और 4DX टिकट लगभग ₹479 से ₹656 तक मिल रहे हैं।

इन्हीं तीन मल्टीप्लेक्स चेन के आंकड़ों के मुताबिक, 'एवेंजर्स: एंडगेम' (2019) के लिए पहले 24 घंटों में ₹8.27 करोड़, 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' (2021) के लिए ₹6.56 करोड़ और 'एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर' (2018) के लिए ₹5.02 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई थी। फिल्म की रिलीज में अभी एक महीना बाकी है और आने वाले दिनों में बुकिंग बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, 'ड्यून 3' से टकराव का फिल्म को फायदा होगा या नुकसान, यह अभी देखना बाकी है।