सीकर जिले के विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जन्मोत्सव एकादशी और अगले दिन द्वादशी पर आयोजित दो दिवसीय मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अनुमान है कि अकेले एकादशी पर पांच लाख से अधिक भक्त दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।

श्री श्याम मंदिर कमेटी अध्यक्ष शक्तिसिंह, मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान और कोषाध्यक्ष रविसिंह के अनुसार, खाटू नगरी को सजाया जा रहा है। बाबा का दरबार सुगंधित और रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों तथा देवी-देवताओं की झांकियों से सजेगा। मंदिर परिसर, दर्शन मार्गों और मेला क्षेत्र में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था होगी। श्रद्धालु बाबा को मावे का केक अर्पित करेंगे और भजन-कीर्तन करेंगे।

मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दर्शन, यातायात और पार्किंग की तैयारियां की जा रही हैं। लखदातार ग्राउंड, चारण ग्राउंड, 52 बीघा और सांवलपुरा पार्किंग में बैरिकेडिंग व टिन शेड लगाए जा रहे हैं और वाहनों को निर्धारित पार्किंग तक पहुंचाने के लिए संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। एडिशनल एसपी दीपक गर्ग के अनुसार, सुरक्षा के लिए 800 कांस्टेबल, 20 डीएसपी, 30 सीआई सहित विभिन्न स्तर के अधिकारियों और जवानों की तैनाती की मांग की गई है। इसके अलावा 70 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 800 होमगार्ड और 1000 निजी सुरक्षा गार्ड प्रस्तावित हैं। दो ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।

मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक संतोष शर्मा के अनुसार, मेला क्षेत्र में 240 से 280 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। तोरण गेट, अस्पताल चौराहा, मंदिर निकासी मार्ग और अलोदा तिराहे पर खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। यातायात के लिए क्रेन और आपात स्थिति के लिए चार दमकल वाहन तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए 15 लाख पानी के पाउच और 10 टैंकरों की व्यवस्था की गई है, जबकि बिजली कटौती के लिए 500 किलोवाट के दो और 125 किलोवाट का एक जनरेगेटर लगाया जाएगा। मेला क्षेत्र में पांच चिकित्सा शिविर, निःशुल्क दवाइयां और पांच एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। डीएसपी श्रेष्ठ दीक्षित, एसडीएम अमृता खंडेलवाल, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, थानाधिकारी पवन दुलड़, अधिशासी अधिकारी सहदेव दान चारण और पालिकाध्यक्ष विनिता पूनिया सहित अधिकारी तैयारियों की समीक्षा में जुटे हैं। प्रशासन का कहना है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना प्राथमिकता रहेगी।