दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार देर शाम गैंगवार में बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना में 25 से ज्यादा राउंड गोलियां चलीं। जीरो पुश्ता स्थित कैंप कार्यालय के पास फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान समीर उर्फ भूरा (25) के रूप में हुई है। समीर को 8-9 गोलियां लगीं। वारदात के समय उसके साथ मौजूद उसका दोस्त भागकर जान बचाने में सफल रहा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर अनवर ठाकुर-हारून गैंग से जुड़ा था। उसकी हत्या के पीछे हारून के प्रतिद्वंद्वी नसीम दुर्दानी गैंग का हाथ होने का शक है। सूत्रों का दावा है कि नसीम दुर्दानी भी वारदात के समय मौके पर मौजूद था और उसने फायरिंग की। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों गैंग के बीच पिछले एक साल में चार से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं। कुछ समय पहले हारून के चाचा राजा मेवाती की हत्या हुई थी, जिसके बाद बदले की कार्रवाई में राशिद की हत्या कर दी गई। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद दो नाबालिग शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से दो पिस्तौल, पांच कारतूस, तीन खोखे और चोरी की बाइक बरामद हुई थी। अब समीर की हत्या को भी इसी गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, अनवर ठाकुर का दिल्ली के अपराध जगत में लंबे समय तक दबदबा रहा है और उसके खिलाफ 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। सदर बाजार थाने में 1992 के एक मर्डर केस में उसे उम्रकैद हुई थी। बताया जाता है कि जेल में उसकी मुलाकात डी-कंपनी के फजल-उर-रहमान से हुई थी। बाद में वह परोल पर दुबई गया और दाऊद गिरोह के संपर्क में आया। बाद में अनवर डी-कंपनी से अलग हो गया। मेरठ से अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद अनवर सीलमपुर आ गया और उसने अपना गैंग बना लिया। गैंगस्टर छेनू के गुरु अखिल डॉन को भी उसका करीबी बताया जाता है। 2006 में अनवर और वेलकम के सलीम पहलवान के बीच गैंगवार शुरू हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, इस खूनी संघर्ष में 15 से ज्यादा हत्याएं हुई थीं। अनवर का भाई अशरफ मुंबई में रंगदारी वसूलता था, जिसे मुंबई पुलिस ने 2002 में मुठभेड़ में मार गिराया था।