कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 9:26 बजे पहुंची और 9:30 बजे रवाना हो गई। कानपुर के अलग-अलग हिस्सों से आए 12 लोग बिना टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट के डिब्बों में चढ़ गए थे। उन्हें लगा था कि ट्रेन चलने से पहले वे उतर जाएंगे, लेकिन ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद होने से उनके पास बाहर निकलने का रास्ता नहीं बचा।
ट्रेन में फंसे इन लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने ट्रेन रोकने के लिए स्टाफ से विनती की, लेकिन स्टाफ ने मना कर दिया, जिसके बाद कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। रेलवे कर्मचारियों ने टूंडला कंट्रोल रूम को सूचना दी और कंट्रोल रूम के निर्देश पर ट्रेन को इटावा जंक्शन पर अनियोजित ठहराव के लिए रोका गया। ट्रेन करीब 10:50 बजे इटावा में रुकी, जिसके बाद सभी 12 लोगों को उतारकर आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के निर्देश पर ट्रेन को स्टेशन पर रोका गया था। रेलवे कमर्शियल स्टॉफ ने बिना टिकट यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 3000 रुपये का टिकट जारी किया, जिससे कुल 36 हजार रुपये इकट्ठा हुए। राशि का भुगतान करने के बाद सभी 12 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य पीआरओ शिवम शर्मा ने बताया कि वंदे भारत ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजे होते हैं और कोचों में बिना अनुमति प्रवेश करना मना है। उनके अनुसार, ये 12 लोग बिना प्लेटफॉर्म टिकट के अपने रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए ट्रेन में चढ़े थे। इटावा में ट्रेन से उतारे जाने के बाद रेलवे अधिकारियों ने कानूनी कार्रवाई की और उन पर जुर्माना लगाया।
