भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में उतरने की तैयारी कर रही JSW मोटर्स ने चीन की दिग्गज ऑटो कंपनी चेरी ऑटोमोबाइल के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत कंपनी अगले महीने भारत में अपनी पहली कार कॉम्बैट नाम से लॉन्च कर सकती है। इसके बाद Jaecoo J5 और J7 को भी देश में असेंबल किया जाएगा। इसी क्रम में चेरी ने भारत में अपनी लोकप्रिय SUV के नए वर्जन Chery Tiggo 7 का डिजाइन पेटेंट फाइल किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि कंपनी आने वाले महीनों में इसे भी बाजार में उतार सकती है।
इससे पहले चेरी ने भारत में Tiggo 7L का पेटेंट फाइल किया था, जो आकार में बड़ी और ज्यादा स्पोर्टी है। नई चेरी टिग्गो 7 की लंबाई 4,553 mm और व्हीलबेस 2,670 mm है, जो इसे बॉक्सी और रग्ड SUV लुक देता है। कार में आगे की तरफ क्रोम-स्टडेड बड़ी ग्रिल, LED हेडलाइट्स और फॉग लैंप हाउसिंग में ट्रिपल आइस-क्यूब स्टाइल LEDs दिए गए हैं। भारतीय मॉडल के लिए बंपर पर ब्लैक एलिमेंट्स कम करके इसे ज्यादा प्रीमियम लुक दिया गया है। इसमें 19-इंच के बड़े व्हील्स, कंवेंशनल डोर हैंडल्स, रूफ रेल्स, कनेक्टेड LED टेल-लाइट्स और 484 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।
पेटेंट और ग्लोबल मॉडल के आधार पर इसके केबिन में कई हाई-टेक और प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। डैशबोर्ड पर एक ही यूनिट में जुड़ी दो 12.3-इंच की स्क्रीन्स (इंफोटेनमेंट और डिजिटल क्लस्टर), एंबिएंट लाइटिंग और पैनोरमिक सनरूफ मिल सकता है। इसमें हीटेड और वेंटिलेटेड सीट्स, डुअल-जोन ऑटोमैटिक AC, 50W वायरलेस फोन चार्जर और सोनी का प्रीमियम साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। सुरक्षा के लिए कार में 8 एयरबैग्स और एडवांस ADAS फीचर्स दिए जा सकते हैं। इस SUV को यूरो NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है।
कंपनी भारत में इस कार को प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) के बजाय पूरी तरह पेट्रोल वर्जन में ला सकती है। इसमें 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो 147 PS की पावर और 275 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसे 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है।
