रांची: झारखंड सरकार ने अगले साल यानी 2027 के लिए सार्वजनिक अवकाशों का कैलेंडर मंजूर कर दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार के इस फैसले से राज्य के सरकारी कर्मचारियों को अगले साल कुल 41 छुट्टियां मिलेंगी। मुख्यमंत्री के अपर सचिव अविनाश कुमार ने इसकी जानकारी दी।

कैलेंडर के अनुसार, 2027 में राजपत्रित अवकाश कुल 23 दिनों के रखे गए हैं। इनमें राष्ट्रीय पर्वों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के त्योहार शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, एनआई एक्ट के तहत 23 और कार्यपालक आदेश के तहत 18 छुट्टियां तय की गई हैं, जिससे कुल 41 सार्वजनिक अवकाश होंगे। इसके अलावा रविवार की साप्ताहिक छुट्टी अलग से रहेगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि रविवार को पड़ने वाले त्योहारों के लिए अलग से अवकाश नहीं दिया जाएगा। अगले साल स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को रविवार पड़ रहा है, इसलिए इसे कैलेंडर में अवकाश के रूप में शामिल नहीं किया गया। इसी तरह ईद-ए-मिलाद और गुरुनानक जयंती 14 नवंबर को रविवार होने के कारण इनके लिए भी अतिरिक्त छुट्टी घोषित नहीं की गई है।

राजपत्रित अवकाशों में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 और 23 मार्च को होलिका दहन व होली, 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 9 अप्रैल को सरहुल, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती शामिल है। इसके अलावा 17 मई को ईद-उल-जुहा, 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा व पंडित रघुनाथ मुर्मू का जन्म दिवस, 16 जून को मुहर्रम, 25 अगस्त को जन्माष्टमी, 11 सितंबर को करमा पूजा और 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती अवकाश में शामिल है। सूची में 7, 8 और 9 अक्तूबर को महाअष्टमी, महानवमी व विजयादशमी, 29 अक्तूबर को दीपावली, 4 और 5 नवंबर को सूर्य षष्ठी डाला के सायं व प्रातः अर्घ्य तथा 25 दिसंबर को क्रिसमस भी शामिल है।