जयपुर ने बुधवार को अपना 299वां स्थापना दिवस शाही और ऐतिहासिक अंदाज में मनाया। मुख्य समारोह शाम को स्टेच्यू सर्किल पर आयोजित हुआ, जहां उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा और जयपुर मेयर सुनील कोठारी सहित नगर निगम के आला अधिकारियों ने आमजन के साथ मिलकर हजारों दीप प्रज्वलित किए। शहरवासियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया और पूरा शहर दीपोत्सव की छटा से सराबोर रहा।

समारोह में दीपोत्सव के बाद हुई आतिशबाजी के शोर से वहां मौजूद एक हाथी डरकर बिदक गया। मिली जानकारी के अनुसार हाथी इधर-उधर भागने लगा, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बाल-बाल बच गए। थोड़ी देर बाद महावत ने हाथी को काबू में कर लिया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

स्थापना दिवस के आयोजनों की शुरुआत मंगलवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर में प्रथम पूज्य को निमंत्रण देने के साथ हुई थी, जिसके बाद प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर शहनाई वादन गूंजता रहा। शाम को बिड़ला सभागार में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें मेरठ के प्रख्यात वीर रस कवि हरिओम पंवार और मुंबई के हास्य-व्यंग्य कलाकार एहसान कुरैशी के साथ दिनेश रघुवंशी, सुरेश अलबेला, प्रियांशु गजेंद्र, राव अजातशत्रु और कवयित्री दीपिका माही ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।