जबलपुर के खमरिया इलाके में एक किसान के मछली पालन टैंक से चार फुट लंबा मगरमच्छ पकड़ा गया। किसान लखपत यादव ने बताया कि दो दिनों से टैंक में मछलियां कम हो रही थीं और पानी में मरी मछलियों के अवशेष दिख रहे थे। जांच में पता चला कि टैंक में छिपा मगरमच्छ इन मछलियों को खा रहा था। किसान का अनुमान है कि मगरमच्छ ने दो दिनों में करीब 30 किलो मछलियां खाईं।
किसान ने वन विभाग को सूचना दी, लेकिन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर दो बजे टैंक में जाल डालकर मगरमच्छ को पकड़ने की कवायद शुरू की। वन्यजीव विशेषज्ञ शंकरेंद्रनाथ को भी बुलाया गया और मगरमच्छ का रेस्क्यू कर लिया गया।
किसान ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके टैंक में मगरमच्छ आ जाएगा। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को सुरक्षित रखा है और उसे वन विभाग को सौंपने की तैयारी चल रही है। सोशल मीडिया पर मगरमच्छ की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें एक महिला के हाथों में मगरमच्छ दिख रहा है और उसका मुंह बांधा हुआ है।
गांव के आसपास नदी होने के कारण लोग हैरान हैं कि मगरमच्छ टैंक तक कैसे पहुंचा। मगरमच्छ की गतिविधियों से गांव में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को ले जाएगी।
