जबलपुर में फर्जी पतों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाने के आरोप में मध्य प्रदेश एटीएस ने कोलकाता से तीन अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम खान (42), अब्दुल बारी (41) और अयूब खान (50) के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से अफगानिस्तान के निवासी बताए गए हैं और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर रह रहे थे। उन्हें गिरफ्तार कर जबलपुर लाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए उन्हें 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जांच के मुताबिक, आरोपियों ने भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के लिए जबलपुर निवासी सोहबत खान से प्रति व्यक्ति करीब ढाई लाख रुपये में सौदा किया था। पासपोर्ट आवेदन में जबलपुर के तीन पते दर्ज कराए गए थे, जिनमें 300 मोतीनाला तालाब, सदर, 410 उपरैनगंज और 870 छोटी ओमती शामिल हैं। इन पतों पर पहचान और निवास सत्यापन कराकर कुल चार पासपोर्ट जारी करवाए गए थे। एटीएस ने इनमें से तीन पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं, जबकि चौथा गलत पते के कारण पासपोर्ट कार्यालय वापस लौट गया था।
इस नेटवर्क का खुलासा अगस्त 2025 में हुआ था, जब मुख्य आरोपी सोहबत खान ने सोशल मीडिया पर AK-47 राइफल के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की थी। इसी तस्वीर से सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान उसकी ओर गया। पूछताछ में पता चला कि सोहबत 2015 में पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आया था और जबलपुर की छोटी ओमती में एक स्थानीय महिला से निकाह कर करीब 10 साल से यहां रह रहा था। जांच में सामने आया था कि सोहबत ने सबसे पहले अकबर नाम के व्यक्ति का पासपोर्ट बनवाने के लिए 2 से 2.5 लाख रुपये लिए थे। इस काम में जबलपुर के दिनेश गर्ग, महेंद्र कुमार सुखदान और चंदन सिंह पर फर्जी पहचान और निवास दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने के आरोप हैं। अगस्त 2025 में एटीएस ने सोहबत, अकबर, इकबाल और तीन स्थानीय मददगारों को गिरफ्तार किया था।
एटीएस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और अफगानिस्तान दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि तीनों अफगानी नागरिक भारत में किस रास्ते दाखिल हुए, फर्जी पते और दस्तावेज तैयार कराने में कौन-कौन शामिल था और पासपोर्ट नेटवर्क के पीछे और कितने लोगों की भूमिका है। यह भी जांच का विषय है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट हासिल करने का यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था।
