भारतीय टीम 19 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का टेस्ट रिकॉर्ड साधारण रहा है और पिछले 50 साल में उसने वहां सिर्फ एक टेस्ट मैच जीता है। इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने वहां दमदार प्रदर्शन किया है। यहां हम न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात कर रहे हैं।

सूची में सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं। 1990 से 2009 के बीच सचिन ने न्यूजीलैंड में 11 टेस्ट खेले और 18 पारियों में करीब 50 की औसत से 842 रन बनाए। इसमें दो शतक और पांच फिफ्टी शामिल हैं। दूसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ हैं, जिन्होंने 1998 में पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट खेला था। उन्होंने वहां 7 मैचों की 14 पारियों में करीब 64 की औसत से 766 रन बनाए, जिसमें दो शतक और पांच फिफ्टी रहे।

तीसरे स्थान पर मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं, जिनके नाम न्यूजीलैंड में 192 रनों की सबसे बड़ी भारतीय पारी का रिकॉर्ड है। पूर्व कप्तान ने 6 मैचों की 8 पारियों में 74 की औसत और दो शतक की मदद से 521 रन बनाए। इस दौरान 7 पारियों में उन्होंने 30 या उससे ज्यादा रन बनाए।

चौथे नंबर पर गौतम गंभीर हैं, जिन्होंने सिर्फ एक बार न्यूजीलैंड का दौरा किया था। 2009 की उस सीरीज में गंभीर ने 6 पारियों में 89 की औसत से 445 रन बनाए, जिसमें दो शतक और एक फिफ्टी शामिल है। नेपियर में हुए दूसरे टेस्ट में फॉलोऑन के दौरान उन्होंने 436 गेंदों का सामना करते हुए 137 रन बनाए और भारत को हार से बचाया। पांचवें स्थान पर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड में 6 टेस्ट की 10 पारियों में करीब 44 की औसत से 392 रन बनाए।