हीरो मोटोकॉर्प का इलेक्ट्रिक ब्रैंड Vida अब इलेक्ट्रिक मोटरसाइकल सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने हाल ही में EICMA 2026 ऑटो शो में अपनी इलेक्ट्रिक बाइक का लगभग प्रोडक्शन-रेडी प्रोटोटाइप पेश किया था, जिसे UBX 06 नाम से दिखाया गया था। अब यह इलेक्ट्रिक मोटरसाइकल पहली बार टेस्टिंग के दौरान स्पॉट की गई है। टेस्टिंग शुरू होने से उम्मीद जताई जा रही है कि कंपनी इसे बहुत जल्द मार्केट में उतार सकती है।

इस बाइक को मुख्य रूप से शहरों के रोजमर्रा के सफर के लिए स्पोर्टी स्ट्रीट-नेकेड बाइक के रूप में तैयार किया गया है। कंपनी ने अभी इसके बैटरी पैक के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन वीडा के नामकरण के तरीके के मुताबिक UBX 06 में 06 का मतलब 6 kWh बैटरी पैक हो सकता है। बाइक के फ्रेम में बैटरी केस की जगह को देखते हुए संभावना है कि कंपनी इसमें इतनी बड़ी बैटरी दे सकती है।

टेस्ट मॉडल में आगे और पीछे दोनों तरफ 17-इंच के पहिये देखे गए हैं। बेहतर राइडिंग और सेफ्टी के लिए इसमें अपसाइड-डाउन (USD) फ्रंट फोर्क्स, रियर मोनोशॉक सस्पेंशन और ABS के साथ डुअल डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं। टेस्टिंग बाइक में EICMA शोकेस जैसा ही स्लिम-बेजल TFT डिस्प्ले देखा गया है, हालांकि प्रोडक्शन मॉडल में इसमें बदलाव संभव है। ऑटोकार इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इसका स्विंगआर्म पारंपरिक बाइक्स से अलग हो सकता है, जो बाइक का वजन कम रखने में मदद करता है। कंपनी द्वारा जारी तस्वीरों में रियर काउल पर Pro बैजिंग दिखी थी, जिससे संकेत मिलता है कि लॉन्च के समय अलग-अलग बैटरी रेंज और फीचर्स वाले कई वेरिएंट्स मार्केट में उतारे जा सकते हैं।

फिलहाल Hero Vida ने UBX या अपने अन्य दो प्रोटोटाइप मॉडल्स DIRT.E MX7 और VxZ (Vida x Zero) की आधिकारिक लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है। लेकिन उम्मीद की जा रही है कि कंपनी जल्द ही अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकल को मार्केट में ला सकती है।