गाजियाबाद स्वच्छ सर्वेक्षण की हालिया रिपोर्ट में प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है, लेकिन शहर की सफाई व्यवस्था इसके उलट तस्वीर पेश कर रही है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। हिंडन विहार और जीटी रोड पर इंडस्ट्रियल एरिया में कूड़े में आग लगी देखी गई। मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री को प्रोसेस करने वाला प्लांट पिछले छह माह से बंद है, जिससे सैकड़ों टन कचरा जमा हो गया है और गंदगी व प्रदूषण फैल रहा है।
नगर निगम ने धार्मिक स्थलों से निकलने वाले कचरे के निस्तारण के लिए वर्ष 2018 में 30 लाख की लागत से यह प्लांट शुरू किया था। शहर के 91 धार्मिक स्थलों से यहां रोजाना करीब एक से डेढ़ टन फूल, पत्तियां और अन्य धार्मिक कचरा आता है। विशेष आयोजनों में इसकी मात्रा पांच टन तक पहुंच जाती है। मशीन की क्षमता भी रोजाना पांच टन फूलों और पूजा सामग्री का निस्तारण करने की थी। योजना थी कि इस कचरे से खाद बनाकर इसे नदियों में जाने से रोका जाएगा, लेकिन प्लांट बंद होने से पूरी व्यवस्था ठप पड़ी है।
पटेल नगर निवासी पंकज शर्मा ने बताया कि प्लांट पिछले छह महीने से बंद है। जिस एजेंसी को जिम्मा मिला था वह इस प्लांट का संचालन नहीं कर पाई और बीच में ही छोड़कर चली गई। इसकी वजह से प्लांट का बिजली का बिल जमा न होने पर विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया। ऐसे में फूलों और पूजा सामग्री से खाद बनाने का काम कैसे हो सकता है।
