गाजियाबाद के चिरोड़ी बाजार में एक महिला से सोने की चेन छीनने के आरोपी को लोनी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के पास से लूटी गई चेन, अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की है।

एसीपी राम किशन के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे बागपत की ओर से मोटरसाइकिल पर दो लोग आ रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वे जावली की ओर नहर की पटरी की तरफ मुड़कर तेज रफ्तार से भागने लगे। पीछा करने पर दोनों संतुलन खो बैठे और उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने देसी तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक संदिग्ध के पैर में गोली लग गई। पूछताछ में घायल संदिग्ध ने अपनी पहचान शामली निवासी रतिराम के पुत्र दीपक के रूप में बताई। तलाशी में उसकी जेब से प्लास्टिक की थैली में लिपटी सोने की चेन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पर फायरिंग में इस्तेमाल देसी तमंचा भी बरामद किया गया।

मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका और बताया कि गाड़ी चोरी की है। उसका दूसरा साथी हरि प्रकाश मौके से भागने में सफल रहा। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद सोने की चेन वही है जो दिवाली से एक हफ्ते पहले चिरौली बाजार में छीनी गई थी और वे उसे बेचने जा रहे थे।