नई दिल्ली: बदलती लाइफस्टाइल और बढ़ते मेडिकल खर्च के बीच परिवार की हेल्थ सुरक्षा जरूरी मानी जाती है। कई लोग यह समझ नहीं पाते कि उनके लिए कौन सा हेल्थ इंश्योरेंस सही रहेगा। ऐसा ही एक सवाल सोनू शर्मा ने पूछा है। ईटी वेल्थ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू ने एक्सपर्ट से कहा कि उनकी उम्र 36 साल है, पत्नी 33 साल की हैं, पांच साल का बेटा है और जल्द ही दूसरे बच्चे का जन्म होने वाला है। उनके पिता 59 साल के हैं। उन्होंने अपने परिवार के लिए उपयुक्त हेल्थ इंश्योरेंस प्लान और पर्याप्त कवरेज का सुझाव मांगा।
पीबी फिनटेक के जॉइंट ग्रुप सीईओ सरबवीर सिंह ने सुझाव दिया कि सोनू एक फैमिली फ्लोटर पॉलिसी लें, जिसमें वे, उनकी पत्नी और बेटा शामिल हों। नया बच्चा इसके योग्य होने पर उसे भी इसमें जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिता के लिए अलग पॉलिसी लेनी चाहिए, क्योंकि 59 साल के व्यक्ति को फ्लोटर पॉलिसी में शामिल करने पर उनके जोखिम के हिसाब से सभी का प्रीमियम तय होगा। एक्सपर्ट ने 3 या 5 साल की मल्टी-ईयर पॉलिसी लेने की भी सलाह दी, जिससे पूरी अवधि के लिए प्रीमियम तय हो जाता है और हर साल होने वाली प्रीमियम बढ़ोतरी से बचा जा सकता है। उनके मुताबिक, ज्यादातर इंश्योरेंस कंपनियां ऐसी पॉलिसी पर छूट भी देती हैं।
प्रेगनेंसी के लिए एक्सपर्ट ने बताया कि बाजार में मैटर्निटी राइडर उपलब्ध है, जिसे दूसरी तिमाही के दौरान भी खरीदा जा सकता है। इसमें तीन महीने का वेटिंग पीरियड होता है और यह 30,000 से 1,00,000 रुपये तक का कवर देता है, जिसका दावा एक बार किया जा सकता है। इसे तीन साल की अवधि वाली बेस पॉलिसी के साथ खरीदा जाता है और डिलीवरी का खर्च तीन महीने के वेटिंग पीरियड के बाद होने पर कवर होता है।
नवजात शिशु को लेकर एक्सपर्ट ने कहा कि ज्यादातर रिटेल फ्लोटर पॉलिसी में नवजात को 90 दिनों के बाद ही शामिल किया जा सकता है, लेकिन एक ऐसा राइडर भी है जो शुरुआती 90 दिनों के दौरान भी नवजात शिशु को कवर करता है। पिता के लिए उन्होंने सलाह दी कि शुरुआत में ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बता दें और अलग-अलग प्लान की तुलना करते समय यह देखें कि पहले से मौजूद बीमारियों के लिए वेटिंग पीरियड किसमें सबसे कम है।