दुबई की रियल एस्टेट कंपनी डेन्यूब प्रॉपर्टीज के चेयरमैन रिजवान साजन के मुताबिक इस साल 28 फरवरी को ईरान-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद दुबई में कंस्ट्रक्शन कॉस्ट में औसतन 40 से 50% तक का इजाफा हुआ है। युद्ध के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बाधित कर दिया, जिससे दुनिया भर में कच्चे तेल और नेचुरल गैस के भाव चढ़ गए। इस महंगाई का असर लगभग हर सेक्टर पर दिखा, लेकिन खाड़ी देश भी इससे अछूते नहीं रहे। वहां घर-गृहस्थी के सामान से लेकर कंस्ट्रक्शन कॉस्ट तक में भारी इजाफा हुआ है, जबकि प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ने के बजाय घट गईं।

रिजवान साजन ने बताया कि स्पेसिफिक रॉ मैटेरियल की बात करें तो स्टील की कीमतें करीब 40% बढ़ीं। रेगुलर कंक्रीट की कीमत में 52-60% का, रीइनफोर्स्ड कंक्रीट की कीमत में 46% का और सीमेंट की कीमतों में 34% की बढ़ोतरी देखी गई। दीवार की चिनाई में यूज होने वाले Hollow/masonry blocks की कीमतें भी 57% बढ़ गईं।

वायस चेयरमैन और ग्रुप की कंस्ट्रक्शन मैटेरियल कारोबार वाली कंपनी के मुखिया अनीस साजन ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद कंस्ट्रक्शन से जुड़े पम्प मैटेरियल तथा इक्विपमेंट की कीमतों में 127% की बढ़ोतरी हुई। MEP और सिस्टम्स यानी मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग सिस्टम तथा एयर कंडीशनिंग से जुड़े साजो-सामान की कीमतें भी 40% बढ़ चुकी हैं। कंस्ट्रक्शन सेक्टर में प्रशिक्षित और कुशल कामगारों की डिमांड भी खूब बढ़ी है और specialized MEP workers को मुंहमांगा मेहनताना मिल रहा है।

दुबई में कंस्ट्रक्शन कॉस्ट बढ़ने की वजह ग्लोबल सप्लाई चेन और एनर्जी प्रेशर है। कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और होर्मुज स्ट्रेट बाधित होने से जहाजों का किराया और इंश्योरेंस प्रीमियम कई गुना बढ़ गए, जिससे सामानों की सोर्सिंग महंगी हो गई। दुबई में अधिकतर सामान बाहर से आता है, इसलिए शिपिंग कॉस्ट बढ़ने का असर वहां कुछ ज्यादा ही दिखा।