देश में गधों की घटती आबादी को बढ़ाने के लिए सरकार गधा पालन को बढ़ावा दे रही है। 'नेशनल लाइवस्टॉक मिशन' के तहत डंकी फार्मिंग पर 50 लाख रुपये तक की कैपिटल सब्सिडी दी जाती है। इसके लिए कम से कम 50 गधी और 5 गधे पालने की शर्त है। अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना का मकसद गधों की आबादी में आई भारी गिरावट को रोकना और उसे फिर से बढ़ाना है। 20वीं पशुधन जनगणना (2019) के आंकड़ों के अनुसार, 2019 में भारत में करीब 1.23 लाख गधे थे, जो 2012 की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत की कमी दर्शाता है। पहले ग्रामीण परिवहन और निर्माण कार्यों में गधों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता था, लेकिन मशीनीकरण के कारण इनकी मांग घट गई। सरकार वित्तीय प्रोत्साहन देकर उद्यमियों को ब्रीडिंग फार्म में निवेश और देसी पशुओं के संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है।

गधी का दूध काफी महंगा बिकता है। चर्चा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अच्छी मांग है और यह करीब सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिक सकता है। इसके दूध का पाउडर बाजार में 20 हजार से 80 हजार रुपये प्रति किलो तक बिकता है। गधी के दूध का सबसे ज्यादा इस्तेमाल प्रीमियम कॉस्मेटिक्स और ब्यूटी प्रोडक्ट्स में होता है। कई देशों में इससे एंटी-एजिंग क्रीम, ब्यूटी सोप, मॉइस्चराइजर और महंगे लोशन बनाए जाते हैं। फार्मा कंपनियां भी कुछ दवाओं में इसका इस्तेमाल करती हैं। कहा जाता है कि गधी का दूध इम्यूनिटी बढ़ाता है और इसमें विटामिन-ए, बी, सी, डी, ई के साथ ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड होता है।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में संजीव ठाकुर नाम के एक व्यक्ति ने डंकी फार्मिंग का स्टार्टअप शुरू किया है। उनके फार्म में 12 गधे हैं और करीब 25 गधों को एक साथ रखने की व्यवस्था है। संजीव ठाकुर के मुताबिक, यह हिमाचल प्रदेश का पहला डंकी फार्म है।