दिल्ली सरकार ने चर्चित 'शीश महल' को आम जनता के लिए खोलने का फैसला किया है। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पहले सरकार की योजना इस बंगले को स्टेट गेस्ट हाउस बनाने की थी, लेकिन जनता की मांग को देखते हुए अब इसे आम लोगों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है। सरकार जल्द ही यहां आने की प्रक्रिया, टिकट बुकिंग और रिजर्वेशन से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करेगी।

प्रवेश वर्मा के मुताबिक, सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही शीश महल को स्टेट गेस्ट हाउस में बदलने का फैसला लिया गया था। हालांकि, इस जगह को देखने की लोगों की दिलचस्पी और जनता की मांग को देखते हुए सरकार ने अपनी योजना बदल दी। अब इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। टिकट कैसे मिलेगा, ऑनलाइन बुकिंग होगी या रिजर्वेशन कैसे कराया जा सकेगा, इन सवालों के जवाब जल्द दिए जाएंगे। सरकार का इरादा है कि लोग इस बंगले के बारे में सिर्फ सुनें नहीं, बल्कि अंदर जाकर इसकी बनावट और सुविधाओं को भी देख सकें।

मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम लोगों के लिए इसे खोलने से पहले देश की मीडिया को शीश महल का टूर कराया जाएगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक समय उन्होंने दावा किया था कि वह न सरकारी गाड़ी लेंगे और न सरकारी बंगले में रहेंगे, लेकिन बाद में कई मौजूदा बंगलों, सर्वेंट क्वार्टरों और गैरेजों को तुड़वाकर इस आलीशान आवास का निर्माण कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बंगले को तैयार करने में जिस तरह की सुविधाएं और महंगे सामान लगाए गए, वे कई सवाल खड़े करते हैं।

वर्मा ने शीश महल की सुविधाओं में हर कमरे में लगी स्मार्ट लाइटिंग, करोड़ों रुपये के पर्दे और वियतनाम से मंगवाया गया मार्बल गिनाया। उन्होंने इसे दिल्ली में भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार पूरी जगह जनता के सामने रखना चाहती है, ताकि लोग हर कमरा, उसकी सजावट और सुविधाएं अपनी आंखों से देख सकें। शीश महल लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा रहा है। अब देखना होगा कि प्रवेश के लिए क्या व्यवस्था बनाई जाती है और लोगों को यहां प्रवेश कब से मिलने लगेगा। फिलहाल टिकट, बुकिंग और खुलने की तारीख का इंतजार है।