नई दिल्ली: आस्था कुंज पार्क में 21 सितंबर को 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दिए गए तीन महीने के एक्शन प्लान पर दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को अब तक किए गए सुरक्षा इंतजामों की रिपोर्ट सौंप दी है। शाह ने 24 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग की थी, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल थीं। मीटिंग में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस को अगले साल 26 जनवरी तक का समय दिया गया था। इसमें दिल्ली के तमाम पब्लिक पार्कों की फेंसिंग और बाउंड्री वॉल बनाने समेत डार्क स्पॉट की निगरानी के आदेश दिए गए थे।

रिपोर्ट में पुलिस ने बताया है कि अब तक सार्वजनिक पार्कों में 6 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। मीटिंग में गृह मंत्री को बताया गया था कि दिल्ली में 19 हजार 822 ऐसे डार्क स्पॉट की पहचान की गई है, जहां खतरा है। इन सभी डार्क स्पॉट को लाइट और सीसीटीवी कैमरों से कवर किया जा रहा है। आस्था कुंज की घटना के बाद दिल्ली के 1635 छोटे-बड़े सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट भी किया गया है। जहां-जहां चारदीवारी, लाइट और तारबंदी समेत अन्य कमियां मिलीं, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। रिपोर्ट में यह भी सुनिश्चित किया गया है कि दिल्ली के 503 बड़े पार्कों में गेट और पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है और तमाम पार्कों के बाहर पीसीआर जरूर खड़ी हों।

पुलिस ने बताया कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम में भी सुधार हुआ है। पहले कॉल के बाद पुलिस 11:53 मिनट में पहुंचती थी, अब पीसीआर कॉल के बाद 8:02 मिनट में मौके पर पहुंच रही है। पिंक स्कूटी के बारे में पुलिस ने बताया कि 178 पिंक स्कूटी पर तैनात पुलिसकर्मी हर दिन औसतन 7.4 घंटे पेट्रोलिंग कर रही हैं। रेगुलर पीसीआर की तैनाती के अलावा 35 ऑल वुमन पीसीआर भी तैनात हैं। दिल्ली पुलिस में महिला कर्मियों की हिस्सेदारी अभी 17.3 फीसदी है, जिसे 2030 तक 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर स्थित 125 पिंक बूथों पर हर दिन करीब 308 वॉक-इन शिकायतकर्ता अपनी समस्या लेकर पहुंच रहे हैं, जिनका समाधान किया जा रहा है। लड़कियों के स्कूल, हॉस्टल, कॉलेज और कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल में हर सप्ताह करीब 3,514 विजिट हो रही हैं, जिनमें 1,869 विजिट बीट स्टाफ की और 882 विजिट थानेदार यानी एसएचओ द्वारा की गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अजनबी आरोपी वाले मामलों में एफआईआर से चार्जशीट तक औसत समय 59 दिन रहा।