नई दिल्ली: कुछ दिन पहले जहां हजारों लोगों ने छठी मैया की पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य दिया, गुरुवार को उसी स्थान पर एक अलग नजारा देखने को मिला। इस बार लोग पूजा के लिए नहीं, बल्कि घाट की सफाई के लिए जुटे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के घाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और खुद नहर में उतरकर कचरा निकाला। उनके साथ स्कूली बच्चे, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक भी सफाई करते नजर आए।

अभियान का मकसद लोगों को यह समझाना था कि त्योहार के दौरान जिस जगह को हम आस्था का केंद्र मानते हैं, उसकी स्वच्छता बनाए रखना भी हमारी ही जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सफाई का संदेश दिया। इसके जरिए बताया गया कि सार्वजनिक जगहों, नदियों और नहरों को गंदा करने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है और सफाई केवल सरकार या नगर निगम का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

अभिनेता जैकी श्रॉफ, ईशा गुप्ता और गायक स्टेबिन बेन समेत कई हस्तियों ने भी अभियान में भाग लेकर लोगों को जागरूक किया। सभी ने स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने और जलस्रोतों को साफ रखने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ये दिल्ली हमारी है और इसकी जिम्मेदारी भी हमारी ही है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले इसी नहर के घाट पर लाखों लोग छठ मनाने आए थे। वह आस्था का दिन था और आज जिम्मेदारी निभाने का दिन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार खत्म होने के बाद भी घाटों और सार्वजनिक जगहों की सफाई का ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने इस अभियान की वीडियो एक्स पर साझा करते हुए इसे 'आस्था भी, स्वच्छता भी' का संदेश दिया।