चित्रकूट के रैपुरा थाने के प्रभारी राम सिंह का तबादला भरतकूप थाने में हो गया है। उनके विदाई समारोह में एक महिला कांस्टेबल अपने जज्बात पर काबू नहीं कर सकी और थाना प्रभारी के गले लगकर रोने लगी। इंटरनेट पर आए एक वीडियो में यह नजारा देखा गया। वीडियो में थाना प्रभारी राम सिंह को विदाई के मौके पर पुलिसकर्मी फूल मालाओं से लादते और शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान करते नजर आते हैं। इसी बीच एक महिला कांस्टेबल आती है और थाना प्रभारी के गले लगकर रोने लगती है। उसके आंसू देखकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो जाती हैं। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी महिला कांस्टेबल को सांत्वना देकर चुप कराने की कोशिश करते नजर आते हैं।

महिला कांस्टेबल के आंसू पोंछते हुए थाना प्रभारी राम सिंह ने कहा कि तुमको कोई दिक्कत नहीं होगी और परेशान मत हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही उसे भरतकूप थाने में बुला लेंगे। अंत में कांस्टेबल के आंसू रुके और उसने फूल माला देकर थाना प्रभारी को खुशी-खुशी विदा किया।

इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लोग भावुक हो रहे हैं। उनका कहना है कि इंसान चाहे जिस भी पद या कुर्सी पर हो, उसकी असली पहचान उसके रुतबे से नहीं बल्कि उसके काम करने के तौर-तरीके, व्यवहार और इंसानियत से होती है।