भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह ग्रामीण हाट बाजार की एक जर्जर दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबने से 65 वर्षीय धापू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार धापू देवी रोजाना की तरह सुबह कचरा डालने के लिए बाजार की दीवार के पास गई थीं, तभी दीवार उनके ऊपर भरभराकर गिर गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर तहसीलदार और सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
हादसे के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय कॉलोनीवासियों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि यह दीवार लंबे समय से बेहद जर्जर हालत में थी और कभी भी गिरने की कगार पर थी। कॉलोनीवासियों ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत भी की थी, लेकिन प्रशासन ने समय रहते कोई सुध नहीं ली।
शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की खबर फैलते ही मोर्चरी के बाहर माली समाज के लोग और परिजन बड़ी तादाद में इकट्ठा हो गए। आक्रोशित परिजन और समाज के लोग लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर परिजनों से समझाइश का प्रयास कर रहे हैं।
