कोलकाता। पश्चिम बंगाल में धर्मांतरण के मुद्दे पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य के बयान के बाद राज्य में पहली बार ईसाई मिशनरीज की गतिविधियों पर चर्चा शुरू हुई है। सीपीएम और टीएमसी ने बीजेपी नेता के बयान की आलोचना की है। राज्य के दो ईसाई संगठनों ने आरोप लगाया कि पूरे देश में धर्म परिवर्तन के आरोपों का इस्तेमाल मुसलमानों और ईसाइयों सहित धार्मिक अल्पसंख्यकों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सामिक भट्टाचार्य को धर्मांतरण कराने वाली संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चुनौती दी है।
बीते रविवार को बिरसा मुंडा की जयंती पर बोलते हुए भट्टाचार्य ने ईसाई मिशनरीज पर भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ईसाई मिशनरी स्कूलों में धर्म और रंग के आधार पर भारत विरोधी गतिविधियां होंगी तो ऐसे स्कूलों को चलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया था कि आसनसोल में ईसाई मिशनरीज धर्मांतरण करा रही हैं। उनके मुताबिक मिशनरी संस्थाएं अपना प्रचार कर सकती हैं, मगर जबरन और प्रलोभन देकर धर्मांतरण करने पर स्कूल चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भट्टाचार्य ने एक स्कूल में मेज पर पाकिस्तान का झंडा रखे जाने और कोलकाता के एक अन्य प्रतिष्ठित स्कूल द्वारा एक शिक्षक को भगवा साड़ी पहनकर न आने तथा छात्रों के सामने भगवान कृष्ण का नाम न लेने के निर्देश का भी जिक्र किया था।
भट्टाचार्य के बयान की टीएमसी सांसद डोला सेन, कांग्रेस नेता सौम्या एच रॉय समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने आलोचना की है। सीपीएम के सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि भट्टाचार्य ने संविधान और शिक्षा क्षेत्र पर रणनीति के तहत हमला किया है। दो ईसाई संगठनों बंगिया ख्रीष्टीय परिसेवा और वेस्ट बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स ने भी बीजेपी नेता के दावों पर सवाल खड़े किए हैं। संगठनों ने पत्र जारी कर कहा कि भट्टाचार्य ने नाम लिए बगैर आरोप लगाए हैं, जिससे राज्य में चल रहे 800 से अधिक शैक्षणिक संस्थान शक के दायरे में आ गए हैं। उनका कहना है कि अगर भट्टाचार्य के पास सबूत हैं तो नाम के साथ सार्वजनिक करें, और यदि कोई संगठन प्रलोभन देकर धर्मांतरण करा रहा है तो सरकार उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
