बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान और ताकतवर होने की ओर है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 17 नवंबर की शाम तक यह सिस्टम गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इस दौरान बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ यह 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है। इस सिस्टम का असर देश के कई हिस्सों में दिखने लगा है।

दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 नवंबर को इन इलाकों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। केरल और माहे में कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश के आसार हैं। अंडमान-निकोबार में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने तथा झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज अलग रहेगा। दिल्ली में मंगलवार को बारिश की संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी दी है, जिससे सुबह और रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बिहार और उत्तराखंड में भी मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है और बारिश को लेकर कोई विशेष अलर्ट नहीं है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है। असम और मेघालय में मौसम सामान्य रह सकता है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 नवंबर से कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। मिजोरम और त्रिपुरा में 19 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ओडिशा में 17 नवंबर को राहत रहने और 18 नवंबर से मौसम बदलने का अनुमान है।