बीबीसी हिन्दी की एक वीडियो स्टोरी को 'बेस्ट वीडियो स्टोरी ऑन ह्यूमन राइट्स एंड रिलीजियस फ़्रीडम' श्रेणी में ह्यूमन राइट्स एंड रिलीजियस फ्रीडम जर्नलिस्ट (HRRFJ) अवॉर्ड्स 2026 का विजेता घोषित किया गया है। यह स्टोरी बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहित और सेराज अली ने तैयार की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के जंगलों में माओवादी विद्रोहियों के ख़िलाफ़ ज़िला रिज़र्व गार्ड (डीआरजी) की तैनाती और वहां रहने वाले आदिवासियों की स्थिति को दिखाया गया था।

रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों संवाददाताओं ने छत्तीसगढ़ के हालात को क़रीब से समझने के लिए डीआरजी की अलग-अलग टीमों के साथ काफ़ी समय बिताया और वहां रहने वाले आदिवासियों का हाल भी जाना। डीआरजी में स्थानीय लोगों के साथ आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी भी शामिल हैं।

इसी श्रेणी में बीबीसी उर्दू की एक वीडियो स्टोरी भी तीन फ़ाइनलिस्ट में शामिल रही। बीबीसी संवाददाता ग़ाफ़िरा क़ादिर और संदीप यादव की इस स्टोरी में कश्मीर में पैलेट गन के पीड़ितों की आज की ज़िंदगी को रेखांकित किया गया था। इसके अलावा बीबीसी न्यूज़ मराठी की एक वीडियो स्टोरी 'बेस्ट स्टोरी ऑन ह्यूमन सोलिडेरिटी' श्रेणी के फाइनलिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रही। श्रीकांत बंगाले की यह स्टोरी उस गांव के बारे में है, जिसने जाति-मुक्त समाज के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया था।

बीबीसी-आई की एक पड़ताल के लिए दिव्या आर्य को राम चंद्र छत्रपति गौरव अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किए जाने की भी घोषणा की गई है। इस पड़ताल में पाया गया था कि इंस्टाग्राम भारत में पैसे लेकर ऐसे विज्ञापन चला रहा है, जिनके ज़रिए बच्चों के यौन शोषण की सामग्री का प्रसार हो रहा है।