नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा पर 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे और 23 नवंबर को वापस लौट जाएंगे। इस दौरे में वे करीब 25 घंटे भारत में रहेंगे। यह अपने आप में असामान्य है, क्योंकि नेपाली प्रधानमंत्रियों के राजकीय दौरे आमतौर पर तीन से पांच दिनों के होते हैं। भारतीय अधिकारी चाहते थे कि शाह दिल्ली के अलावा अन्य शहरों का भी दौरा करें, लेकिन उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। शाह 23 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे नेपाल लौटेंगे।

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बालेन शाह के बीच करीब 30 मिनट की बैठक होगी, जिसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस दौरान आर्थिक पैकेज समेत कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा संभव है। सीमा विवाद के बातचीत की मेज पर आने की संभावना कम है। नेपाली पक्ष विवादित मुद्दों को वार्ता में शामिल करना चाहता था, लेकिन दिल्ली के अधिकारी इसके लिए तैयार नहीं हुए।

दौरे का एक बड़ा एजेंडा हवाई कनेक्टिविटी है। नेपाल लंबे समय से भारत से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग करता रहा है। वह भैरहवा, नेपालगंज, महेंद्रनगर और जनकपुर के रास्ते नए हवाई मार्ग चाहता है, ताकि अंतरराष्ट्रीय विमानों की आवाजाही आसान हो सके। काठमांडू पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत रक्सौल में हवाई अड्डा बना रहा है और भारतीय अधिकारियों ने नेपाली एयरस्पेस के इस्तेमाल की इजाजत मांगी थी, जिसे नेपाल ने ठुकरा दिया और तकनीकी जानकारी देने को कहा। बागडोगरा में भारत को एयरस्पेस के इस्तेमाल की इजाजत दी गई है, जहां वह कम एयरस्पेस का ही उपयोग करेगा।

23 नवंबर को भारत एक आर्थिक पैकेज का ऐलान कर सकता है। नेपाल ने भारत से 2 अरब डॉलर का कर्ज, 500 मिलियन डॉलर का ग्रांट और अगस्त में आई बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण के लिए एक पैकेज मांगा है। शाह उसी दिन भारतीय उद्योगपतियों को भी संबोधित कर सकते हैं, जिसका मकसद नेपाल में निवेश के लिए उन्हें आमंत्रित करना होगा।