मोकामा के विधायक अनंत सिंह के प्रति उनके समर्थकों की दीवानगी लगातार सामने आ रही है। ताजा मामला समस्तीपुर के रहने वाले बलराम गिरि उर्फ बम बिहारी टाइगर स्टार का है, जिसने अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए लगभग 130 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय करने का दावा किया है।

बताया जाता है कि बलराम गिरि रात के करीब ढाई बजे समस्तीपुर के अंगार घाट से मोकामा घाट के लिए निकला और दौड़ते हुए विधायक के लदमा (नदवां) स्थित घर पहुंचा। इस दौरान उसके हाथ में अनंत सिंह, उनकी बेटी और होने वाले दामाद की एक तस्वीर थी, जिसे उसने सिरिंज से अपना खून निकालकर तीन दिनों में तैयार करने का दावा किया। युवक का कहना है कि वह अनंत सिंह का बड़ा प्रशंसक है और बेटी की शादी में शामिल होकर बधाई देने के लिए उसने दौड़कर मोकामा जाने का संकल्प पूरा किया।

उल्लेखनीय है कि मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां, बाढ़) में होनी है। शादी में करीब चार लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश बिहटा स्थित कृष्णा नगर के रहने वाले हैं।

इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर इलाके में अनंत सिंह के प्रति उनके समर्थकों के गहरे लगाव और दीवानगी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।