नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देश इस दौरे के दौरान द्विपक्षीय सहयोग के लिए एक जॉइंट विजन डॉक्यूमेंट जारी करने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट में नेपाल के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया गया है कि यह 10 पॉइंट का डॉक्यूमेंट 'समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत' की संकल्पना पर आधारित है। इसे दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों, प्रधानमंत्री कार्यालयों और वित्त मंत्रालयों से मिले सुझावों के आधार पर तैयार किया जा रहा है और यह अब अंतिम चरण में है।
डॉक्यूमेंट में सहयोग के जिन 10 क्षेत्रों का जिक्र है, उनमें आर्थिक साझेदारी, कनेक्टिविटी, निवेश, जल संसाधन और ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी, सुशासन, लोगों के बीच संबंध, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल तथा व्यापार और ट्रांज़िट शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के नेता सहयोग के जरूरी क्षेत्रों की पहचान करने और भविष्य के लक्ष्य तय करने वाला विजन डॉक्यूमेंट भी जारी कर सकते हैं। भारत की ओर से इस संयुक्त डॉक्यूमेंट पर अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
दौरे के दौरान बालेन शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक होनी है, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की योजना है। बताया गया है कि नेपाल के प्रधानमंत्री भारत से बड़ी आर्थिक मदद का अनुरोध कर सकते हैं, जिसमें भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद पुनर्वास कार्यों के लिए सहायता भी शामिल है। इसके अलावा दोनों देश आपसी व्यापार बढ़ाने, सैन्य सहयोग मजबूत करने और लोगों से लोगों के बीच संबंधों पर भी बात करेंगे।
