उदयपुर संभाग की सी.आई.डी. विशेष शाखा जोन उदयपुर और जिला पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में राजसमंद और सलूंबर जिलों से दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित कुल चार अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को डिटेन किया गया है। सभी चारों के खिलाफ देश से निष्कासन (डिपोर्ट) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमंत कलाल, पुलिस अधीक्षक सलूंबर बिशनाराम और सी.आई.डी. विशेष शाखा जोन उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के दिशा-निर्देशन में अंजाम दी गई। अभियान का उद्देश्य ऐसे विदेशी नागरिकों को चिह्नित करना है जो अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रह रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, डिटेन किए गए चारों नागरिक बांग्लादेश के रहने वाले हैं और उन्होंने फर्जी आधार कार्ड के जरिए यहां रहने की कोशिश की। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
