वाराणसी के महमूरगंज स्थित एक डोसा शॉप में तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवतियां दुकान में सामान फेंकती और तोड़फोड़ करती दिख रही हैं, जबकि एक युवती घटना की रिकॉर्डिंग कर रही है। युवती दुकान कर्मचारियों पर अपने पिता को पीटने का आरोप लगाते हुए योगी सरकार से न्याय की गुहार भी कर रही है।
सिगरा थानाक्षेत्र निवासी मनोज चौरसिया 5 नवंबर की शाम महमूरगंज स्थित इसी डोसा शॉप पर गए थे, जहां किसी बात पर दुकान में काम करने वालों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की। उसी दिन भेलुपुर थाने में मनोज चौरसिया ने मारपीट की एफआईआर दर्ज कराई। मारपीट से क्षुब्ध उनकी बेटी 14 नवंबर को अपने एक दोस्त के साथ दुकान पहुंची और डोसा बनाने की सामग्री फेंकनी शुरू कर दी। उस समय दुकान पर काफी ग्राहक भी मौजूद थे।
भेलुपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है और दोनों पक्ष मीडिया ट्रायल करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिता की पिटाई के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दर्ज एफआईआर के अनुसार सजा सात साल से कम की है, इसलिए उन्हें विधिक कार्यवाही कर छोड़ दिया गया। युवतियों के खिलाफ तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एक और वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ दिन पहले युवती के पिता को पीटा जा रहा था। वीडियो शेयर करते हुए लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इस मामले में पुलिस ने क्या कार्रवाई की है, इस बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी भेलुपुर भड़क गए और उन्होंने मीडिया को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि दोनों पक्ष मीडिया ट्रायल करा रहे हैं।
