लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 2027 के लिए सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों की सूची जारी कर दी है। इसमें होली, दीवाली और रविवार को पड़ने वाले प्रमुख अवकाशों का ब्योरा शामिल है। सरकारी कर्मचारियों के लिए यह सूची नए साल से पहले जारी की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, 2027 में होली का सार्वजनिक अवकाश 23 मार्च को रहेगा। 22 मार्च को होलिका दहन और 24 मार्च को निर्बन्धित अवकाश के रूप में होली सूची में शामिल है। इस तरह होली पर कर्मचारियों को लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा। सार्वजनिक अवकाश के साथ निर्बन्धित अवकाश का विकल्प होने से कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार छुट्टी चुन सकेंगे।
दीवाली के लिए भी सूची में कई अवकाश रखे गए हैं। दीवाली का सार्वजनिक अवकाश 29 अक्टूबर को रहेगा, जबकि 28 अक्टूबर को नरक चतुर्दशी का निर्बन्धित अवकाश तय किया गया है। इसके बाद 30 अक्टूबर को गोवर्द्धन पूजा और 31 अक्टूबर को भैयादूज व चित्रगुप्त जयंती का अवकाश रहेगा। इस तरह दीवाली पर भी कर्मचारियों को लगातार कई दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा।
सूची में कुछ महत्वपूर्ण पर्व और जयंतियां रविवार को पड़ रही हैं, जिससे कर्मचारियों को इनका अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा। इनमें 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 31 अक्टूबर को भैयादूज एवं सरदार पटेल जयंती और 14 नवम्बर को गुरु नानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा प्रमुख हैं। रविवार को अवकाश होने के कारण इन पर्वों पर अलग से छुट्टी नहीं मिलेगी।
