छपरा के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले को इस बार अधिक भव्य और पर्यटन केंद्रित स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग की ओर से किए जा रहे आयोजनों के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी का चयन कर लिया गया है, जो लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जर्मन हैंगर और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। मेले में पर्यटकों के ठहरने के लिए स्विस कॉटेज का निर्माण बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) कराएगा, जबकि आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज भी विकसित किया जा रहा है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों के शिल्पकार अपनी कलाकृतियां और हस्तशिल्प प्रदर्शित कर सकेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को दी गई है। मेले में भागवत कथा, रामलीला, गंगा आरती, नौका दौड़, कुश्ती, पतंगबाजी और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की प्रस्तुतियां भी प्रस्तावित हैं। पर्यटन विभाग का विशेष पवेलियन बनाया जाएगा, जिसमें पर्यटक सूचना केंद्र के साथ विभिन्न स्टॉल लगेंगे। यहां पर्यटकों को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी मिलेगी। अन्य सरकारी विभागों को भी स्टॉल लगाने के लिए स्थान दिया जाएगा।
मेले का आयोजन इस वर्ष 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक 32 दिनों के लिए किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह 22 नवंबर को प्रस्तावित है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। मेले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है, हालांकि रेडियो जिंगल और बड़े स्तर पर विज्ञापन अभियान शुरू होना अभी बाकी है।
गंगा और गंडक नदियों के संगम क्षेत्र में लगने वाला सोनपुर मेला एशिया के सबसे बड़े और प्रसिद्ध पशु मेलों में शामिल है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। समय के साथ यह मेला धार्मिक और पारंपरिक पहचान के अलावा सांस्कृतिक एवं पर्यटन आयोजन के रूप में भी विकसित हुआ है।
