बेतिया के सेनको ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों की लूट की जांच में बिहार एसटीएफ को संकेत मिले हैं कि साजिश जेल के भीतर से रची गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसमें समस्तीपुर-हाजीपुर मॉड्यूल के शामिल होने की आशंका है और चार से पांच आरोपियों की पहचान हो चुकी है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

गुरुवार को पटना पुलिस मुख्यालय में डीजीपी प्रीता वर्मा और डीजी विशेष शाखा एवं एसटीएफ कुंदन कृष्णन ने सभी क्षेत्रीय आईजी-डीआईजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मैराथन बैठक की। इसमें ज्वेलरी शोरूम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की समीक्षा की गई। सभी जिलों के एसपी को थानास्तर पर शोरूम संचालकों से संवाद स्थापित कर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए। ठंड के मौसम में चोरी-डकैती बढ़ने की आशंका को देखते हुए दिन के साथ रात में भी विशेष गश्ती और चौकसी बरतने को कहा गया है।

पुलिस मुख्यालय ने ज्वेलरी शॉप, बैंकिंग प्रतिष्ठानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की सुरक्षा के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) दोबारा जारी की है। शोरूम संचालकों को कम से कम दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात करने, डबल डोर और अलार्म सिस्टम लगाने तथा सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है। सभी जिलों को थानास्तर पर चोरी, लूट और डकैती के लिहाज से संवेदनशील हॉटस्पॉट चिह्नित करने तथा प्रतिष्ठानों के आसपास के इलाकों की मैपिंग करने का निर्देश है।

बता दें कि 19 नवंबर को बेतिया के भीड़भाड़ वाले सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम से दिनदहाड़े करोड़ों के गहने लूटे गए थे। लूटे गए आभूषणों की कीमत को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं, जिसमें 15 से 40 करोड़ रुपये के बीच का अनुमान है। शोरूम संचालक और परिवार के अनुसार नुकसान 40 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। बेतिया पुलिस लूटे गए सामान के सटीक आकलन और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।