नोएडा प्राधिकरण ने अपनी अधिग्रहीत जमीन के बदले पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट की मांग कर रहे किसानों के लिए आवंटन प्रक्रिया तेज कर दी है। पहले चरण में करीब 150 पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है, जिनके लिए लगभग 58 हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की जा रही है।

प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि पात्र किसानों के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। जमीन चिह्नित होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्लॉट आवंटन की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

किसानों को राहत देने के लिए प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की पॉलिसी की तर्ज पर बनी योजना को बोर्ड में रखा था। इसके तहत गांव की बाहरी सीमा में पड़ने वाले प्लॉटों का इस्तेमाल भी पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट आवंटन के लिए किया जा सकेगा, जिससे किसानों को उनके गांव के नजदीक ही जमीन मिलने की संभावना बढ़ेगी।

प्राधिकरण के अनुसार, करीब 2,200 किसानों को पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट दिए जाने हैं, जिनमें से अब तक लगभग 1,500 किसानों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। शेष पात्र किसानों के आवंटन में सबसे बड़ी चुनौती उपयुक्त जमीन की कमी है, इसी कारण प्राधिकरण अलग-अलग स्थानों पर जमीन चिह्नित कर रहा है। किसान लंबे समय से पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट की मांग को लेकर प्रदर्शन और धरना दे रहे हैं और इसे भूमि अधिग्रहण के बदले अपना वैध अधिकार बताते हैं।