बुरहानपुर जिले के खकनार पुलिस थाने में पदस्थ सहायक उप-निरीक्षक (ASI) अजीज शेख का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एक बेसहारा युवक की मदद की। बताया जा रहा है कि ASI शेख अपनी नियमित ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी रास्ते में सड़क किनारे भटक रहे एक युवक पर उनकी नजर पड़ी। युवक के बाल काफी बढ़े और उलझे हुए थे तथा उसके कपड़े गंदे और मैले हो चुके थे।

ASI शेख ने अपनी गाड़ी रोकी और युवक की मदद करने का फैसला किया। किसी नाई का इंतजार किए बिना उन्होंने खुद कैंची और कंघी से युवक के बढ़े हुए बाल काटे। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से युवक को पानी से स्नान कराया और उसे पहनने के लिए साफ-सुथरे नए कपड़े दिए। कुछ ही देर पहले बदहाल नजर आ रहा युवक इस सेवा के बाद एक सामान्य नागरिक की तरह दिखने लगा।

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग ASI अजीज शेख के इस जज्बे की सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यह घटना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार में पुलिस की बदलती छवि को दर्शाती है, जहां पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि 'सोशल पुलिसिंग' के जरिए समाज के सबसे कमजोर और बेसहारा तबके का सहारा भी बन रही है।