टीवी एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या और 'बिग बॉस 19' विजेता गौरव खन्ना जल्द ही नए शो 'दिल की बेवफाइयां' में साथ नजर आएंगे। शो 24 नवंबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर शुरू होगा। प्रमोशन के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों कलाकारों से उनकी निजी जिंदगी और रिश्तों पर सवाल पूछे गए। इसी दौरान श्रद्धा ने गौरव की पत्नी आकांक्षा चमोला को लेकर मजाकिया अंदाज में तंज कसा, जिसका वीडियो 'टैली टाइम्स' ने शेयर किया है।
मीडिया ने कास्ट से पूछा कि शो का नाम 'दिल की बेवफाइयां' है, तो असल जिंदगी में उनके साथ कितनी दिल की बेवफाइयां हुई हैं। इस सवाल पर गौरव खन्ना ने श्रद्धा आर्या की ओर इशारा करते हुए उन्हें जवाब देने के लिए कहा। श्रद्धा ने मजाकिया अंदाज में गौरव की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनकी दिल की बेवफाइयों का तो टाइम खत्म हो गया, लेकिन गौरव का अभी चल रहा है। इस जवाब पर गौरव और श्रद्धा दोनों जोर-जोर से हंसने लगे और मौजूद लोगों ने भी इस पल का आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि 27 जून को 'लॉक अप 2' के प्रीमियर के दौरान आकांक्षा चमोला ने गौरव खन्ना से अलग होने और तलाक लेने के फैसले की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे और इस बात को अब तक निजी रखा गया था। आकांक्षा ने कहा था कि यह फैसला दोनों ने मिलकर लिया है और उनके बीच कुछ भी बुरा नहीं है, लेकिन वे पार्टनर के तौर पर एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं क्योंकि दोनों जिंदगी में अलग-अलग चीजें चाहते हैं।
गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2016 में शादी की थी। दोनों टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने कपल में शामिल थे। तलाक को पब्लिसिटी स्टंट बताए जाने पर आकांक्षा ने कहा था कि कोई भी महिला सिर्फ टीआरपी के लिए इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर यह नहीं बताएगी कि वह अपने पति से तलाक ले रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि 'लॉक अप' में जाने से पहले ही दोनों की लीगल टीमें तलाक को लेकर बातचीत कर रही थीं और अब सिर्फ कागजों पर साइन करना बाकी है।
