मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी ने हाल ही में मशहूर फैशन डिजाइनर टोरी बर्च के भारत आगमन पर अपने आलीशान घर एंटीलिया में एक निजी डिनर पार्टी दी। इस महफिल में बॉलीवुड और फैशन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। पार्टी की अंदरूनी तस्वीरें सामने आने के बाद एंटीलिया की सजावट और खासतौर पर डाइनिंग सेटअप चर्चा में है।
तस्वीरों के मुताबिक पूरे हॉल को बगीचे जैसा लुक दिया गया था। सबसे खास रही लहरदार डाइनिंग टेबल, जिसे बहती नदी की तरह घुमावदार बनाया गया है। लंबी टेबल पर फूल-पत्ती के प्रिंट वाला सफेद कपड़ा बिछा है और दोनों ओर हल्के रंग की लकड़ी की कुर्सियां लगाई गई हैं, जिन पर सफेद गद्दे हैं। कुर्सियों के पीछे क्रॉस-बैक का क्लासिक डिजाइन नजर आता है।
टेबल के बीच में गुलाबी, बैंगनी और सफेद ताजे फूलों की घनी सजावट की गई है। कांच के होल्डर में गहरे हरे रंग की मोमबत्तियां और क्रिस्टल स्टैंड पर जलती सफेद मोमबत्तियां माहौल को शाही चमक दे रही हैं। टेबल पर चांदी के गिलास और मेहमानों के लिए तोहफे के तौर पर लाल रंग का बैग रखा गया है। डाइनिंग टेबल के ठीक ऊपर छत पर बड़ा क्रिस्टल झूमर लगा है, जिसकी रोशनी पूरे हॉल को जगमगा रही है।
एंटीलिया की सीढ़ियां भी शाही लुक दे रही हैं, जिनकी रेलिंग चमकते क्रिस्टल के खंभों से बनी है। सीढ़ियों के पीछे की दीवार पर लाल और सुनहरे रंग की बड़ी पिछवाई पेंटिंग लगी है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण, मोर, पेड़ और कमल के फूल बने हैं। डाइनिंग टेबल के पास की दीवार पर अलग-अलग आकार की गोल और रंग-बिरंगी प्लेट जैसी वॉल आर्ट लगाई गई है। हॉल में फर्श से छत तक की कांच की खिड़कियां और दरवाजे हैं, जिनके दोनों तरफ गहरे लाल और भूरे रंग के भारी पर्दे लगे हैं।
नोट: इस खबर में किए गए दावे इंस्टाग्राम पर साझा तस्वीरों और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं।
