जयपुर: शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों को फिर से उनके पुराने वैभव में लौटाने के लिए राजस्थान सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। पर्यटन विभाग के अनुसार, पूरे शेखावाटी क्षेत्र में संरक्षण के लिए 600 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों को चिह्नित किया गया है। आगामी 8 दिसंबर को खेतड़ी में आयोजित होने वाले एक विशेष समिट के दौरान राज्य सरकार इन हवेलियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा करेगी। समिट का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे।
सरकार के इस प्रस्तावित पैकेज का मुख्य उद्देश्य निजी हवेली मालिकों और निवेशकों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे इन जर्जर होती धरोहरों का जीर्णोद्धार कर इन्हें हेरिटेज होटल या पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित कर सकें। सभी हवेलियों को 'शेखावाटी हेरिटेज कंजर्वेशन स्कीम' के तहत इंसेंटिव दिया जाएगा। इससे न केवल स्थापत्य विरासत बचेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
यह समिट 'प्रवासी राजस्थानी दिवस' के तहत आयोजित किया जा रहा है, जो इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन के वार्षिक अधिवेशन के साथ ही होगा। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के करीब 250 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें हेरिटेज होटल मालिक, पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधि, आर्किटेक्ट, संरक्षण विशेषज्ञ और निवेशक शामिल हैं। राजस्थान से बाहर रहने वाले शेखावाटी हवेलियों के कई प्रवासी मालिक भी समिट में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंसेंटिव का ढांचा लगभग तैयार हो चुका है और समिट में इसे लॉन्च किया जाएगा। इस आयोजन को पर्यटन विभाग, राजस्थान फाउंडेशन और ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन मिलकर कर रहे हैं। खेतड़ी में ठहरने की क्षमता सीमित होने के कारण मेहमानों के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की जा रही है। प्रवासी राजस्थानी दिवस में भाग लेने वाले कई प्रतिनिधि विशेष बसों के जरिए जयपुर से खेतड़ी जाएंगे और कार्यक्रम के बाद उसी दिन जयपुर लौट आएंगे।
