सीहोर जिले के बुधनी नगर के वार्ड नंबर 12 में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार घर के अंदर पति, पत्नी और उनके बेटे के शव मिले हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भय तथा आक्रोश का माहौल है।

पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। परिवार के तीनों सदस्य अपने घर में सो रहे थे, इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह जब आसपास के लोगों को घर के अंदर तीन शव होने की भनक लगी, तो देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। एसडीओपी रवि शर्मा ने मीडिया को बताया कि मृतकों में राकेश मीणा, उनका बेटा अश्विन और उनकी पत्नी शामिल हैं। शुरुआती जांच में उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं।

अधिकारियों का कहना है कि इस समय मृतकों के अन्य परिजन मौके पर मौजूद नहीं हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी और रंजिश के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सबूत तलाश रही है।