चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि 2027 का विधानसभा चुनाव जन कल्याण, विकास और ठोस नतीजों के मुद्दों पर लड़ा जाएगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मान ने कृषि क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, जिनमें नहर के पानी का उपयोग 22 प्रतिशत से बढ़ाकर 88 प्रतिशत करना और 14,000 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाना शामिल है। उन्होंने सामान्य परिवारों के बच्चों को आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने में मदद के लिए निःशुल्क कोचिंग केंद्र खोलने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता पंजाब के भीतर ही रोजगार और शिक्षा के अवसर पैदा करना है, ताकि राज्य के युवाओं को विदेश पलायन न करना पड़े। पट्टी विधानसभा क्षेत्र के सभरा गांव में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान मान ने सख्त ‘जागत जोत सत्कार संशोधन अधिनियम’ के जरिए धार्मिक भावनाओं की रक्षा करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और विश्वास जताया कि माझा क्षेत्र के लोग 2027 में ‘आप’ को प्रचंड जनादेश देंगे।

माझा क्षेत्र में तरनतारन और अमृतसर जैसे जिले शामिल हैं। सभा को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि ‘लोक मिलनी’ कोई राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि लोगों के जीवन, चिंताओं और आकांक्षाओं पर चर्चा का अवसर है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने बारी-बारी से पंजाब पर शासन किया, लेकिन कभी यहां के लोगों के हित में काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक परिवारों ने माझा क्षेत्र का आर्थिक और धार्मिक रूप से शोषण किया।

अकाली नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मान ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने अपने राजनीतिक हितों के लिए बार-बार धर्म का इस्तेमाल किया और शिअद लोगों की धार्मिक भावनाओं की रक्षा करने में विफल रही। उन्होंने सवाल किया कि पिछले लगभग 15 वर्षों से एसजीपीसी के चुनाव क्यों नहीं हुए और कहा कि धार्मिक संस्थाओं के प्रति सम्मान कार्यों से दिखना चाहिए, न कि राजनीतिक दिखावे से। इससे पहले मुख्यमंत्री ने लुधियाना स्थित अपने पैतृक गांव में शहीद करतार सिंह सराभा की 111वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड में राज्य की झांकी के जरिए पंजाब की पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ दिखाई जाएगी। उन्होंने गांव को एक नया ‘आम आदमी क्लिनिक’ समर्पित किया और गांव के स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये की अनुदान राशि सौंपी।